कृष्णकांत दौहरे सीहोर। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से नेहरू युवा केंद्र संगठन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण थीम पर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सब का प्रयास विषय पर 18 से 29 वर्ष के युवाओं के बीच राष्ट्रीय स्तर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके लिए ब्लाक व जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता की इच्छुक प्रतिभागी अब 30 नवंबर तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। युवाओं की उत्सुकता को देखते हुए यह तारीख बढ़ाई गई है। फॉर्म का लिंक एवं प्रतियोगिता की नियमावली नेहरू युवा केंद्र सीहोर के फेसबुक अकाउंट से अथवा सीहोर कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। जिला युवा अधिकारी श्रीमति राठौर ने बताया कि प्रतिवर्ष नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण विषय पर देश भर में प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता को 5 हज़ार रू, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हज़ार रू एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागी को रू.2 लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र दिए जाते हैं।